हरिद्वार पुलिस इन दिनों अपने एक खास मानवीय चेहरे को लेकर चर्चा में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में बुजुर्गों की सुरक्षा और उनके सम्मान के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिडकुल पुलिस ने वृद्धाश्रम पहुँचकर न सिर्फ बुजुर्गों का हाल-चाल जाना, बल्कि उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देश हैं कि जिले का कोई भी बुजुर्ग खुद को असहाय महसूस न करे। इसी विजन को धरातल पर उतारने के लिए सिडकुल पुलिस की टीम बीट बुक के रिकॉर्ड के साथ वृद्धाश्रम पहुँची पुलिस टीम ने वहां रह रहे प्रत्येक वृद्ध व्यक्ति से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान पुलिस ने बुजुर्गों को जागरूक किया कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में वे तुरंत आपातकालीन नंबर 112 या स्थानीय पुलिस स्टेशन से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस का मकसद सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के इस सबसे अनुभवी हिस्से को सुरक्षा का अहसास कराना भी है।
हरिद्वार एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि वरिष्ठ नागरिक किसी भी समय खुद को अकेला न समझें। हम नियमित रूप से उनसे मिल रहे हैं ताकि उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके।
पुलिस के इस संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार को देखकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की आँखें भर आईं। उन्होंने खुले दिल से हरिद्वार पुलिस को दुआएं दीं और इस पहल की जमकर सराहना की। सचमुच, जब पुलिस रक्षक के साथ-साथ एक साथी की भूमिका में नजर आती है, तो जनता का विश्वास विभाग पर और भी मजबूत हो जाता है।
हरिद्वार पुलिस का यह अभियान जिले के अन्य क्षेत्रों में भी निरंतर जारी है। प्रशासन की इस संवेदनशीलता ने निश्चित रूप से समाज में एक सकारात्मक संदेश भेजा है।
