ब्रेकिंग न्यूज़ | भगवानपुर, रुड़की
रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में पुलिस और कथित गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम हलजोरा निवासी आरोपी सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। बताया जा रहा है कि आरोपी मौके पर अपने एक साथी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
एसपी देहात ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायल आरोपी का हाल
घटना के बाद एसपी देहात अभिषेक ने सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी का हालचाल जाना। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार कराया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक आरोपी का इलाज जारी है।
एसपी देहात ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज गोकशी से जुड़े आपराधिक मामलों की भी जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी गोकशी के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
साथी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
