हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
बारिश के बीच अधिकारियों ने पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला, चंडी पुल और चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक चल रहे निर्माण एवं सुधार कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों में तेजी लाने और व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
पंतद्वीप में भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
निरीक्षण की शुरुआत कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोज वाले क्षेत्र से की गई। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया।
मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने क्षेत्र में आवाजाही को व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अनुपयोगी और क्षतिग्रस्त पोल हटाने, खंभों और पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों तथा अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाने के लिए कहा गया।
इसके साथ ही घाटों और प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रोड़ी-बेलवाला और चंडी पुल के निर्माण कार्यों की समीक्षा
इसके बाद अधिकारियों ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
चंडी पुल पर बन रहे डबल लेन अंडरपास की स्थिति का भी जायजा लिया गया। कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में इस परियोजना की अहम भूमिका को देखते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक सड़क सुधार पर फोकस
निरीक्षण के दौरान चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण और सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई।
यह मार्ग यातायात और पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में अधिकारियों को सड़क सुधार के कार्यों में तेजी लाने और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
मौके पर ही तय किए गए सुधार के कदम
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी अपनी कार्ययोजनाओं और तैयारियों के साथ मौजूद रहे। मेलाधिकारी सोनिका ने मौके पर ही निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने डिजिटल माध्यम से भी तैयारियों से जुड़ी योजनाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारों को दर्ज करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मेला प्रशासन का जोर निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, घाटों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी जरूरी इंतजामों को मजबूत करने पर है।
कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत मेला क्षेत्र में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि समस्याओं की पहचान कर समय रहते उनका समाधान किया जा सके और आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
