हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण यानी HRDA इन दिनों एक्शन मोड में है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा के नेतृत्व में अवैध निर्माणों और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। आज हरिद्वार से लेकर रुड़की तक विभाग की कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा रहा।
आज की सबसे बड़ी कार्रवाई रुड़की के सलेमपुर इलाके में देखने को मिली, जहाँ पुरानी फैक्ट्री के पास विनय सैनी और अन्य द्वारा लगभग 9 बीघा ज़मीन पर अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। संयुक्त सचिव दीपक सेठ और पुलिस बल की मौजूदगी में HRDA की टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध सड़कों और ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
वहीं दूसरी ओर हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में भी विभाग का डंडा चला। आर्य नगर चौक पर सोंधी नर्सिंग होम के पास विनोद कुमार द्वारा करीब 15×30 फीट में अवैध रूप से बेसमेंट और तीन मंजिला व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। जिसे विभागीय टीम ने इस पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल ने अवैध निर्माणकर्ताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करेगा, उस पर इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण की इस लगातार कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों के बीच हड़कंप का माहौल है। विभाग ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा।
सोनिका मीणा का निर्देश, प्रशांत सेमवाल का एक्शन: हरिद्वार-रुड़की में अवैध निर्माणों पर चला HRDA का हंटर…
