रिपोर्ट, मोनू शर्मा
हरिद्वार:- कहते हैं पुलिस का खौफ ही कानून का राज कायम करता है, लेकिन लक्सर की सड़कों पर जो मंजर दिखा, उसने इस भरोसे को तार-तार कर दिया है। एक हार्डकोर क्रिमिनल विनय त्यागी की सरेआम हत्या हो जाती है और हमारी पुलिस? वह महज तमाशबीन बनी नजर आती है।
जब अपराधियों के पीछे भागने का वक्त आया, तो खाकी की सांसें फूलने लगीं। महज 10 कदम की दौड़ ने पुलिस के फिटनेस दावों की पोल खोल दी।
रात के एनकाउंटर में अचूक निशाना लगाने वाली राइफलें दिन के उजाले में जैसे जाम हो गईं। बदमाशों की गोलियां तड़तड़ा रही थीं और पुलिस अपनी पोजीशन भी नहीं संभाल पा रही थी।
विनय त्यागी जैसे कुख्यात को पेशी पर लाते वक्त इतनी ढिलाई? क्या पुलिस को इस हमले का अंदेशा नहीं था या फिर इसे ‘सिस्टम की लापरवाही’ मानकर भुला दिया जाएगा?
सवाल सिर्फ एक अपराधी की मौत का नहीं है सवाल उस ‘इकबाल’ का है जिसके दम पर आम जनता सुरक्षित महसूस करती है। अगर अपराधी दिनदहाड़े पुलिस की कस्टडी में शिकार कर रहे हैं और पुलिसकर्मी हांफ रहे हैं, तो समझ लीजिए कि अपराधियों के हौसले आसमान पर हैं और सिस्टम जमीन पर।
दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी किसी फिल्मी स्टाइल से नहीं कम!
कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी भी किसी फिल्मी स्टाइल से कम नहीं लग रही है। हाथों में हथियार लिए बदमाश बाइक छोड़कर जंगल में फरार हो गए और उनकी आसानी से पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली, यह बात भी आम जनता के गले नहीं उतर रही है। आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी गिरफ्तारी कई सवाल खड़े कर रही है। सवाल उठ रहे हैं कि दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश इतनी आसानी से कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इससे इतर, अपराधियों का फुल और हाफ एनकाउंटर करने वाली मित्र पुलिस ने दोनों बदमाशों का फुल या हाफ एनकाउंटर क्यों नहीं किया यह भी बड़ा सवाल बना हुआ है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में एसएसपी खुद नजर बनाए हुए हैं और एक-एक बिंदु की गहनता से जांच करवा रहे हैं। एसएसपी ने इस मामले में दो टूक कहा है कि अपराध और अपराधी बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
और इस पूरे प्रकरण में जो भी नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
———–
रुड़की जेल तक भी पहुंचेगी जांच की आंच!
कुख्यात अपराधी विनय त्यागी को घटना वाले दिन रुड़की जेल से ही पेशी पर लक्सर ले जाया जा रहा था। ऐसे में पुलिस की जांच की आज रुड़की जेल तक भी पहुंचेगी। सूत्रों की माने तो पुलिस जेल में बंद कुछ अपराधियों से भी जल्द गहनता से पूछताछ कर सकती है। सूत्रों की माने तो पुलिस की जांच इस एंगल पर भी चल रही है कि घटना वाले दिन जेल के बाहर से विनय त्यागी की रेकी तो नहीं हुई है।
———-
जेल में बंद बदमाशों से मिलाई करने वालों पर भी पहनी नजर
गैंगवार की आशंका को देखते हुए हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस हरिद्वार और रुड़की जेल में बंद बदमाशों से मिलाई करने आने वाले लोगों पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। इसके के अलावा बदमाशों से जेल में मिलाई करने के बाद यह लोग बाहर किन-किन लोगों के संपर्क में रहते हैं इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।
