रुड़की पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर गोली से भी तेज आवाज करने वाली एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि पटाखे मारने वाले वाहनों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई रुड़की के सिविल लाइन मार्केट क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। थाना कोतवाली रुड़की की पुलिस टीम जब गश्त में थी, तब उन्होंने एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक को देखा जो अपनी बाइक से फायर जैसी तेज आवाज निकाल रहा था।
पुलिस ने तुरंत उस वाहन को रोका और चेक किया। जाँच में पता चला कि चालक ने अपनी मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया हुआ था जिससे वह पटाखे जैसी आवाज निकाल रहा था। यह आवाज सामान्य ध्वनि सीमा से कहीं अधिक थी।
वाहन को तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत सीज कर दिया गया और थाने में दाखिल किया गया।
इस मामले में वाहन चालक की पहचान फहीम पुत्र इकराम, निवासी ग्राम भगेंड़ी थाना कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है, जिसकी उम्र मात्र 17 वर्ष है नाबालिग पाए जाने के कारण पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाया और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया। हालांकि, वाहन चालक और उसके पिता दोनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
रुड़की पुलिस का यह कदम उन सभी वाहन चालकों के लिए एक कड़ी चेतावनी है जो मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं और आम जनता को परेशान करते हैं।
