रुड़की, जिसे हम शिक्षा की नगरी के रूप में जानते हैं, आज वहां एक ऐसा काला कारोबार जड़ें जमा चुका है जो शहर की छवि को दिन-ब-दिन धूमिल कर रहा है। शहर के रिहायशी इलाकों में ‘स्पा सेंटर’ के नाम पर अनैतिक गतिविधियों का खुला खेल चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि कार्रवाई होने के बावजूद ये धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा। आखिर पुलिस की नाक के नीचे ये दोबारा कैसे पनप रहे हैं?
रुड़की शहर के मुख्य चौराहों और पॉश बिल्डिंग्स में सजे ये कांच के दरवाजे और उन पर चमकती लाइटें, किसी लग्जरी लाइफस्टाइल का हिस्सा नहीं, बल्कि एक अवैध धंधे का कवर हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि शहर में एक दर्जन से ज्यादा ऐसे स्पा सेंटर सक्रिय हैं, जहाँ ‘यूनिसेक्स सैलून’ का बोर्ड लगाकर प्रशासन की आँखों में धूल झोंकी जा रही है।

इस काले खेल का सबसे चौंकाने वाला उदाहरण रामनगर इलाके में देखने को मिला है। आपको बता दें कि कुछ समय पहले ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इसी इलाके के एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया था, जिसमें संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लेकिन कानून का खौफ देखिए ठीक उसी जगह पर “20-20 स्पा” सेंटर के नाक को बदलकर “द ब्यूटी केयर स्पा” नाम से दोबारा स्पा सेंटर खोल दिया गया है। सूत्रों का दावा है कि यहाँ फिर से पर्दे के पीछे वही जिस्मफरोशी का धंधा शुरू हो चुका है।
बिना किसी वैध लाइसेंस और मानकों को पूरा किए बाहरी राज्यों से आए लोगों ने यहाँ अपना जाल फैला लिया है। इन सेंटरों में महिलाओं से पुरुषों की मसाज कराई जा रही है, जो पूरी तरह से अनैतिक है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये सेंटर अब ‘सेक्स रैकेट’ के अड्डों में तब्दील हो चुके हैं। लेकिन हैरानी इस बात की है कि सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद रुड़की पुलिस की कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित है।

रामनगर में कार्रवाई के बाद उसी जगह दोबारा स्पा सेंटर खुलने की इजाजत किसने दी?
क्या पुलिस को इन ‘यूनिसेक्स सैलून’ के पीछे चल रहे दोबारा खेल की खबर नहीं है?
बिना वेरिफिकेशन के बाहरी राज्यों के लोगों को ये धंधा चलाने की छूट क्यों मिल रही है?
रुड़की की जनता अब इस गंदगी से तंग आ चुकी है। शहर की छवि को बचाने के लिए जरूरी है कि इन अवैध स्पा सेंटरों पर खानापूर्ति वाली कार्रवाई न होकर, इनका जड़ से खात्मा किया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन ‘सफेदपोश’ गुनहगारों और बार-बार नियम तोड़ने वालों पर कब तक शिकंजा कसता है।
