रुड़की के मेवड़ खुर्द उर्फ नागल गांव में उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब ग्रामीणों ने एक मदरसे के निर्माण कार्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मदरसा प्रबंधक न केवल सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है, बल्कि गांव के पुराने रास्तों पर कब्जा कर आम जनता का जीना मुहाल कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर मदरसा संचालक अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट और दबंगई दिखाते हैं।
आपको बता दे कि मामला मेवड़ खुर्द उर्फ़ नागल गाँव का है जहाँ एक निर्माणाधीन मदरसे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि मदरसा प्रबंधक अपनी मनमानी पर उतारू है और वर्षों पुराने 5 फीट के सार्वजनिक रास्ते को अपनी बाउंड्री के भीतर दबाकर निर्माण कार्य कर रहा है। हद तो तब हो गई जब इस निर्माण की वजह से एक विकलांग महिला के परिवार के घर का रास्ता पूरी तरह बंद होने की कगार पर पहुँच गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हम सालों से इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन अब मदरसा संचालक इसे बंद कर रहे हैं। जब हम विरोध करते हैं, तो वे अपनी दबंगई दिखाते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने मदरसे की वैधता पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि इस निर्माण के लिए HRDA (हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण) से कोई नक्शा पास नहीं कराया गया है।
हैरानी की बात यह है कि यह मदरसा शिक्षा विभाग से बिना किसी अनुमति या मान्यता के ही संचालित किया जा रहा है।
प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे इस निर्माण ने अब एक बड़े विवाद का रूप ले लिया है। ग्रामीण अब जिला प्रशासन से इस अवैध निर्माण को तुरंत रुकवाने और रास्ता खुलवाने की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इस अवैध निर्माण और दबंगई पर कोई कड़ा एक्शन लेता है, या फिर ये ग्रामीण इसी तरह परेशान होते रहेंगे?
