Exclusive video
रुड़की से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण धमाका हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि दुकान के परखचे उड़ गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
ये तस्वीरें गवाह हैं उस भयानक मंजर की, जिसने आज सुबह रुड़की को झकझोर कर रख दिया। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे। तभी रामपुर चुंगी स्थित एक चाय की दुकान में अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आग की लपटें दुकान को अपनी चपेट में लिए हुए हैं। इस हादसे के वक्त दुकान पर चाय पीने आए दो लोग मलबे और आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए घायलों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों घायलों की हालत बेहद नाजुक है, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दुकान पूरी तरह तबाह हो चुकी है। शुरुआती जांच में हादसा गैस रिसाव के कारण बताया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है।
