रुड़की मे भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को विस्तार देते हुए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसी कड़ी में रुड़की के सुभाषनगर मंडल की कमान अब युवा और सक्रिय चेहरे शाहनवाज मलिक के हाथों में दी गई है।
रुड़की के ॐ बायो कॉलेज में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान भाजपा संगठन ने अपनी नई टीम की घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के मेन बॉडी के मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी मौजूद रहे। संदीप पुरी ने शाहनवाज मलिक के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें सुभाषनगर मंडल अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और ॐ ग्रुप के चेयरमैन मुनीश सैनी ने अपने साथियों के साथ शाहनवाज मलिक का जोरदार स्वागत किया। मुनीश सैनी ने मलिक को बुके भेंट किया और फूलों की माला पहनाकर उन्हें नई पारी की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि शाहनवाज मलिक की नियुक्ति से क्षेत्र में पार्टी का आधार और मजबूत होगा।
जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही शाहनवाज मलिक के आवास पर जश्न का माहौल है। सुबह से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थक ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक जमीनी कार्यकर्ता को सम्मान मिलने से पूरी टीम में नया उत्साह है।
शाहनवाज मलिक को मिली यह जिम्मेदारी आगामी चुनावों के मद्देनजर भी काफी अहम मानी जा रही है। अब देखना यह होगा कि नई टीम के साथ भाजपा सुभाषनगर मंडल में कितनी मजबूती से आगे बढ़ती है।
