रुड़की के लक्सर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक परिवार के सिर पर ‘तमंचे’ का जुनून सवार है। कुड़ी भगवानपुर गांव में एक के बाद एक वायरल हो रहे वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रुड़की के लक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ के कुड़ी भगवानपुर गांव में एक परिवार ने जैसे कानून को अपनी जेब में रख लिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक सरेआम तमंचे से हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यह इस परिवार का पहला कारनामा नहीं है। कुछ ही दिन पहले इसी परिवार के छोटे भाई का भी तमंचे के साथ फोटो और वीडियो वायरल हुआ था। अब बड़े भाई ने भी तमंचा लहराते हुए फायरिंग कर ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

सरेआम अवैध असलहों का प्रदर्शन करना और हर्ष फायरिंग करना कानूनन जुर्म है, लेकिन इस ‘तमंचेबाज’ परिवार को शायद पुलिस का कोई खौफ नहीं है। अब देखना यह होगा कि लक्सर पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इन आरोपियों को सलाखों के पीछे कब तक भेजती है।
