रुड़की के रामपुर इलाके से एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आ रही है। कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों और मेहनत में ईमानदारी हो, तो कामयाबी कदम चूमती है। इसी बात को सच कर दिखाया है डॉक्टर खुर्शीद की सुपुत्री आरिफ़ा ने।
रुड़की के रामपुर की रहने वाली आरिफ़ा ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XX) को कामयाबी के साथ पास कर लिया है। आरिफ़ा की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में उनके हौसले की तारीफ हो रही है।
डॉक्टर खुर्शीद की बेटी आरिफ़ा ने साबित कर दिया है कि यह कामयाबी सिर्फ एक इम्तिहान पास करना नहीं, बल्कि सालों की मेहनत, सब्र और लगन का नतीजा है।
आपको बता दें कि AIBE यानी ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन, बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद, देश की किसी भी अदालत में वकालत करने का अधिकार हासिल करने के लिए इस परीक्षा को पास करना अनिवार्य होता है। यह परीक्षा कानून की गहरी समझ और पेशेवर जिम्मेदारी की असली कसौटी मानी जाती है।
आरिफ़ा की इस जीत ने रामपुर और रुड़की के युवाओं के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल पेश की है। अब आरिफ़ा कानूनी पेशे में कदम रखकर समाज को न्याय दिलाने और कानून की रक्षा करने के लिए तैयार हैं। उनके परिवार और शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
