• Sat. Nov 21st, 2026

सरकारी अस्पताल की दहलीज पर मौत के सौदागरों का पहरा, सफेदपोश दलाल और झोलाछाप डॉक्टर ‘डेथ ट्रैप’ में भेजे जा रहे मरीज…

ByBindaas Tv

Jan 9, 2026
IMG 20260109 WA1073

रुड़की के सरकारी अस्पताल से आज एक ऐसी कड़वी सच्चाई हम आपके सामने लाने जा रहे हैं, जिसे सुनकर आपका स्वास्थ्य व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। जिस अस्पताल में गरीब इस उम्मीद से आता है कि उसे नया जीवन मिलेगा, वहां गिद्ध की तरह नजरें गड़ाए बैठे दलाल उसे मौत के कुएं में धकेल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग सो रहा है और दलाल मरीजों की जिंदगी का सौदा कर रहे हैं।
​
रुड़की का सरकारी अस्पताल… लेकिन बाहर से जितना सामान्य दिखता है, इसके भीतर का खेल उतना ही खौफनाक है। अस्पताल परिसर के इर्द-गिर्द दलालों का एक ऐसा मकड़जाल फैला है, जो बेबस तीमारदारों को अपनी बातों के जाल में फंसाता है। इनका काम है सरकारी अस्पताल से मरीज को तोड़ना और फर्जी प्राइवेट अस्पतालों तक पहुंचाना।
​ये दलाल सफेदपोश ठग हैं। जैसे ही कोई गरीब मरीज इलाज के लिए पहुंचता है, ये उसे ‘बेहतर और सस्ते इलाज’ का सपना दिखाते हैं। कहते हैं—’यहाँ डॉक्टर नहीं मिलेंगे, वहां चलिए कम पैसों में बढ़िया इलाज होगा।’ लेकिन हकीकत में, ये उन फर्जी अस्पतालों के एजेंट हैं जहाँ बिना डिग्री वाले ‘झोलाछाप’ डॉक्टर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं।
​हैरानी की बात तो ये है कि इस काले खेल में अस्पताल के कुछ एम्बुलेंस चालक और कथित तौर पर अंदरूनी स्टाफ भी शामिल है। चंद रुपयों के कमीशन के लालच में ये एम्बुलेंस चालक सरकारी अस्पताल की दहलीज से मरीज को उन ‘डेथ ट्रैप’ यानी फर्जी अस्पतालों में शिफ्ट कर देते हैं जहाँ मौत का सामान सजा है।
सवाल ये उठता है कि क्या स्वास्थ्य विभाग अंधा हो चुका है? क्या अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहे इस खुलेआम खेल की उन्हें भनक तक नहीं? या फिर इस कमीशनखोरी की बहती गंगा में ऊपर से नीचे तक सब हाथ धो रहे हैं? रुड़की की जनता पूछ रही है कि आखिर कब तक गरीब की जान की कीमत इन दलालों की जेब भरेगी?
​
इलाज के नाम पर ये लूट और जान से खिलवाड़ अब बर्दाश्त से बाहर है। प्रशासन को गहरी नींद से जागना होगा, वरना रुड़की का ये सरकारी अस्पताल सिर्फ रेफरल सेंटर और दलालों की मंडी बनकर रह जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *