रुड़की की मंगलौर विधानसभा—भाजपा के लिए वो ‘अभेद्य किला’ जिसे फतह करने की हसरत में दशकों बीत गए। लेकिन अब यहाँ की फिजाओं में चर्चा विकास की कम और ‘नोटों की खनक’ की ज्यादा है। सवाल बड़ा है: क्या हरियाणा से आए दिग्गज नेता करतार सिंह भड़ाना, 2027 में सिर्फ ‘धनबल’ के दम पर मंगलौर की दहलीज लांघ पाएंगे? या फिर अपनों की नाराजगी भाजपा के कमल को खिलने से पहले ही मुरझा देगी?
दान की राजनीति: श्रद्धा या चुनावी बिसात?
मंगलौर के सियासी गलियारों में इन दिनों एक ही चर्चा है—
भड़ाना का ‘खुला हाथ’। सूत्रों की मानें तो गांवों में बैठकों का दौर जारी है, जहाँ मंदिर और मस्जिद के निर्माण के नाम पर भारी धनराशि बांटी जा रही है।
सियासी गणित: क्या यह महज धार्मिक आस्था है या 2027 के लिए बिछाई जा रही आर्थिक बिसात?
जनता का मिजाज 2024 के उपचुनाव ने यह साबित कर दिया था कि मंगलौर की जनता को भांपना आसान नहीं। वहाँ हार का अंतर भले ही कम था, लेकिन ‘बाहुबल और धनबल’ पर ‘जनबल’ भारी पड़ा था।
भड़ाना के साथ दिखने वाले हुजूम पर भाजपा के स्थानीय गलियारों में ही फुसफुसाहट तेज है। स्थानीय नेताओं का दावा है कि भड़ाना के ईर्द-गिर्द दिखने वाली भीड़ भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की नहीं, बल्कि उन ‘स्वार्थी तत्वों’ की है जो सिर्फ बहती गंगा में हाथ धोना चाहते हैं।
भाजपा के लिए सबसे बड़ी टेंशन विपक्ष नहीं, बल्कि उसका अपना घर है। 25 साल से जमीन पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं को डर है कि एक ‘बाहरी’ चेहरा उनकी सालों की मेहनत पर पानी फेर रहा है। स्थानीय नेताओं का साफ मानना है कि चुनाव ‘कैश’ से नहीं, ‘कैडर’ से जीता जाता है। अगर कार्यकर्ताओं का यह असंतोष 2027 तक बना रहा, तो भाजपा के लिए जीत की राह नामुमकिन हो जाएगी।
मंगलौर की सियासी जमीन पर बिछी यह बिसात बेहद दिलचस्प हो गई है। एक तरफ भड़ाना का ‘आर्थिक दांव’ है, तो दूसरी तरफ स्थानीय नेताओं की ‘प्रतिष्ठा’।
क्या 2027 में मंगलौर की जनता दान को वोट में तब्दील करेगी? या फिर ‘बाहरी बनाम स्थानीय’ की यह जंग एक बार फिर भाजपा की उम्मीदों को मटियामेट कर देगी?
