रुड़की मे शनिवार देर रात रफ़्तार का जुनून दो परिवारों के लिए मातम में बदल गया। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के पास एक किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर सीधे गंगनहर में जा समाई। कार की रफ़्तार इतनी तेज़ थी कि तीखे मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार रेलिंग तोड़ती हुई गहरे पानी में जा गिरी।
मौके पर पहुँची मंगलौर पुलिस और झालकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कार के अंदर फंसे दो युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा और पुनीत के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी थे।
पुलिस के मुताबिक, ओवरस्पीडिंग और सड़क का तीखा मोड़ इस हादसे की मुख्य वजह बने हैं। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया है।
रुड़की में रफ़्तार का खौफनाक मंजर: तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोया और सीधे गंगनहर में जा गिरी कार, दो की मौत…
