रुड़की से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आ रही है, जहाँ कानून को ताक पर रखकर भीड़ ने इंसाफ करने की कोशिश की है। यहाँ प्रेम-प्रसंग के शक में कुछ युवकों को इस कदर पीटा गया कि देखने वालों की रूह कांप गई।
मामला रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी 3 से 4 युवक एक स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे। आरोप है कि ये युवक इमली रोड की रहने वाली दो युवतियों को अपने साथ ले जाने की फिराक में थे। लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, युवतियों के परिजनों ने उन्हें रामपुर गांव के पास रंगे हाथों दबोच लिया।
देखते ही देखते वहां बेकाबू भीड़ जमा हो गई। गुस्सा इतना ज्यादा था कि भीड़ ने युवकों पर ‘तालिबानी’ हमला बोल दिया। न सिर्फ युवकों को बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उनकी सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर भी जमकर गुस्सा उतारा गया। कार की खिड़कियां तोड़ दी गईं और उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस अफरा-तफरी के बीच कार सवार कुछ युवक भागने में सफल रहे, लेकिन एक युवक भीड़ के हत्थे चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब फरार युवकों की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच में जुट गई है कि आखिर पूरा माजरा क्या था।
