अक्सर जब हमारा मोबाइल खो जाता है, तो हम उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ देते हैं। लेकिन मंगलौर पुलिस के ‘ऑपरेशन मिसिंग मोबाइल’ ने इस धारणा को बदल दिया है। पुलिस ने साल भर की मेहनत के बाद लाखों रुपये की कीमत के करीब 200 फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।
ये तस्वीरें रुड़की के मंगलौर कोतवाली की हैं जहाँ खोई हुई मुस्कान लोगों के चेहरों पर साफ देखी जा सकती है। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, साइबर सेल और मंगलौर पुलिस की टीम ने जनवरी माह से अब तक कुल 200 मोबाइल रिकवर किए हैं। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने आज खुद इन मोबाइल मालिकों को बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए।

इस कामयाबी के पीछे तकनीक और जांबाज सिपाहियों की कड़ी मेहनत है। मंगलौर कोतवाली के सिपाही जफ़र अली और सिपाही माजिद अली ने CEIR पोर्टल का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। मोबाइल की तलाश में पुलिस की टीम ने न केवल उत्तराखंड, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों में संपर्क साधा और इन फोन्स को वापस लेकर आई। इन दोनों सिपाहियों की शानदार कार्यप्रणाली को देखते हुए सीओ मंगलौर ने उनकी पीठ थपथपाते हुए हौसला अफजाई की है।
एसपी देहात शेखरचंद सुयाल ने बताया कि हरिद्वार पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है। हमने आज करीब 200 फोन लौटाए हैं। हमारी टीम तकनीकी रूप से बहुत मजबूत हुई है और लोगों की संपत्ति वापस करना हमारी प्राथमिकता है।

अगर आपका भी मोबाइल खो गया है, तो निराश न हों। अपने नजदीकी थाने में सूचना दें, क्योंकि पुलिस की साइबर यूनिट अब आपकी संपत्ति सुरक्षित आप तक पहुंचाने के लिए हाईटेक हो चुकी है।
