रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खेल पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बड़ा एक्शन लिया है। चौकी इंचार्ज समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वहीं दूसरी ओर, ग्रामीणों ने भाजपा नेता और पुलिस के गठजोड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है।
झबरेड़ा का इकबालपुर इलाका इन दिनों अवैध खनन की वजह से ‘खौफ का मैदान’ बन चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और स्थानीय भाजपा नेता अनीश गौड़ की साठगांठ से उनके हरे-भरे खेतों को 15 से 20 फीट गहरे गड्ढों में तब्दील कर दिया गया है।

हालत यह है कि किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन अब खेती के लायक नहीं बची है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफियाओं की जेसीबी ने उनकी मिट्टी ही नहीं, बल्कि उनके भविष्य को भी खोद डाला है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस और नेता ने मिलकर हमारी जमीनें बर्बाद कर दीं है बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिसकी वजह से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। हमें इन दबंगों से आजादी चाहिए।

ग्रामीणों के आक्रोश और खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इकबालपुर चौकी इंचार्ज समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में उत्साह तो है, लेकिन उनकी मांग अभी पूरी नहीं हुई है ग्रामीणों ने अब सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दरवाजा खटखटाया है।
अब देखना यह होगा कि एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद क्या शासन प्रशासन उन रसूखदार नेताओं पर भी हाथ डालता है, जिनका नाम ग्रामीण खुलेआम ले रहे हैं।
