रुड़की के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर खेल करने वाले दलालों की अब खैर नहीं। बिंदास टीवी ने प्रमुखता के साथ इस मुद्दे को उठाया था कि कैसे मासूम मरीजों को दलाल अपनी जाल में फंसा रहे थे। हमारी खबर का आज एक बड़ा असर देखने को मिला है।
रुड़की सिविल अस्पताल में अब दलालों की एंट्री पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। प्रशासन ने न केवल कागजों पर आदेश जारी किए हैं, बल्कि धरातल पर भी बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर एक पुलिस पिकेट स्थापित कर दी गई है, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी।
इस पूरे मामले में सिविल अस्पताल के सीएमएस ए.के. मिश्रा ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी दलाल अस्पताल परिसर में पाया गया, तो उस पर सख्त कानूनी एक्शन होगा। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने खुद मामले का संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रशासन को फ्री-हैंड दे दिया है। मजिस्ट्रेट के स्पष्ट निर्देश है मरीजों की सुरक्षा और सुविधा के साथ खिलवाड़ करने वालों को सलाखों के पीछे भेजें।
रुड़की के सिविल अस्पताल मे जहाँ कभी दलालों का बोलबाला था लेकिन बिंदास टीवी की खबर के बाद आज यहाँ की तस्वीर बदली हुई है। पुलिस पिकेट की तैनाती हो चुकी है और सीएमएस मिश्रा जी खुद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के इस कदम से मरीजों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अब उन्हें अपनी जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी और न ही किसी बिचौलिए के बहकावे में आना होगा
