Exclusive
उत्तराखंड के ऋषिकेश में वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई ने आज हिंसक रूप ले लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से नाराज लोग न सिर्फ सड़कों पर उतरे, बल्कि जान देने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर जा बैठे। देखते ही देखते स्थिति उस वक्त बेकाबू हो गई जब भीड़ की ओर से पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया।
तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल, GRP और PAC की तैनाती की गई है। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने खुद मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को सख्त चेतावनी दी है।
ऋषिकेश में वन विभाग की टीम जब सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन में अतिक्रमण हटाने पहुँची, तो उसे स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोग रेलवे ट्रैक पर लेट गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीम ने लोगों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन इसी बीच भीड़ में मौजूद कुछ संदिग्धों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से बचाव के लिए सुरक्षाकर्मियों को पीछे हटना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं। फिलहाल इलाके में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। मौके पर पीएसी तैनात है और शासन-प्रशासन के आला अधिकारी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने GRP, PAC और स्थानीय पुलिस के साथ प्रभावित इलाके में फ्लैग मार्च किया। एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी अजय ने बताया कि हम यहाँ कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने आए हैं। वन विभाग द्वारा यह कार्रवाई माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर की जा रही है। अगर कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा या पुलिस पर पथराव जैसे कृत्यों में शामिल होगा, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपद्रवियों को चिन्हित कर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”
फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहा है
