रुड़की:हरियाणा और उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पहचान बना चुके भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना एक बार फिर मंगलौर विधानसभा की सियासत में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। 2024 के उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारा था, लेकिन मंगलौर की जनता ने उन्हें जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचने दिया। अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी संभावित दावेदारी ने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को फिर गर्मा दिया है।
करतार सिंह भड़ाना का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है। हरियाणा की समालखा विधानसभा सीट से 1996 और 2000 में विधायक बने। इसके बाद 2012 में उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट से जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, 2014 में कैराना लोकसभा, 2017 में बागपत विधानसभा और 2019 में मध्य प्रदेश की मुरैना लोकसभा सीट से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
2024 में भाजपा ने उन्हें मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया। लेकिन कांग्रेस के काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने 31 हजार 727 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि करतार सिंह भड़ाना को 31 हजार 305 वोट मिले। दोनों के बीच महज 422 वोटों का अंतर रहा। इस करीबी मुकाबले के बावजूद भाजपा मंगलौर सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी।अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भड़ाना की संभावित दावेदारी पर चर्चाएं तेज हैं। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि भाजपा के पुराने और स्थानीय नेताओं में उनके दोबारा टिकट की दावेदारी को लेकर नाराजगी बनी हुई है।सूत्रों का कहना है कि पहले भी बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिए जाने से पार्टी के कुछ पुराने नेताओं में असंतोष था और अब दोबारा भड़ाना की दावेदारी सामने आने से नाराजगी बढ़ने की चर्चा है। स्थानीय नेताओं का मानना बताया जा रहा है कि यदि पार्टी फिर से उन्हीं पर भरोसा जताती है, तो संगठन के भीतर असंतोष का असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।हालांकि, इन नाराजगियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और भाजपा की ओर से अभी उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।अब सवाल यह है कि क्या भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में फिर करतार सिंह भड़ाना पर भरोसा जताएगी? या फिर पुराने और स्थानीय नेताओं की नाराजगी को देखते हुए किसी नए चेहरे को मौका मिलेगा?
