रुड़की। तहसील रुड़की में न्यायालयीन कार्यों की व्यवस्था और लंबित वादों के निस्तारण को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति, पत्रावलियों के रख-रखाव और न्यायालयीन कार्यवाही की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पेशकारों को निर्देशित किया कि न्यायालय में आगामी वादों की सुनवाई तिथि दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरती जाए। किसी भी स्थिति में गलत तारीख अंकित न हो और वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को सुनवाई की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अनावश्यक असुविधा और भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने लंबे समय से लंबित पुराने वादों पर विशेष ध्यान देते हुए नियमानुसार छोटी एवं निकटवर्ती तिथियां निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे मामलों की नियमित सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी लंबित वादों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए न्यायालयीन व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर
दिया।
