रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र मे प्रशासन की नाक के नीचे अवैध खनन का काला कारोबार फल-फूल रहा है। सलियर-मंगलौर बाईपास पर खनन माफियाओं ने मानों कानून का खौफ ही खत्म कर दिया है।
ये तस्वीरें गवाह हैं उस लूट की, जो हर रात सोलानी नदी के आंचल में की जा रही है। खनन माफिया बेखौफ होकर नदी से बालू का अवैध उत्खनन कर रहे हैं। रात के अंधेरे से लेकर दिन के उजाले तक, हाइवे पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें देखी जा सकती हैं। सरकारी खजाने को हर दिन लाखों का चूना लगाया जा रहा है, लेकिन सिस्टम है कि गहरी नींद में सोया है।
मामला सिर्फ नदी से रेत चोरी का नहीं है। खेल इससे भी बड़ा है। सूत्रों की मानें तो इन माफियाओं ने लोकल प्रॉपर्टी बिल्डरों के साथ मिलकर लाखों की डील की है। हाईवे किनारे जो गहरे गड्ढे और कई बीघा के खाली प्लॉट हैं, उन्हें इसी अवैध रेत से भरा जा रहा है। ये अवैध ‘भरान’ का खेल पुलिस और प्रशासन की चौखट के ठीक बाहर चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय ये ट्रैक्टर-ट्रॉली किसी काल की तरह सड़क पर दौड़ते हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पर सवाल वही है—आखिर गंगनहर कोतवाली पुलिस और स्थानीय प्रशासन इन माफियाओं पर मेहरबान क्यों है? क्या इन माफियाओं को किसी रसूखदार का संरक्षण प्राप्त है?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं, लेकिन रुड़की के इस बाईपास पर कानून के इकबाल की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अब देखना यह होगा कि इस खबर के बाद क्या शासन जागा है या फिर सोलानी नदी का सीना इसी तरह छलनी होता रहेगा।
